जीटी रोड स्थित सब्जी मंडी के सामने शनिवार सुबह तेज रफ्तार लोडर मैक्स ने दस स्कूली बच्चों सवार ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा बिरयानी के ठेले से टकराकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार बच्चे घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। क्षेत्र के टैगोर इंटरनेशनल स्कूल का ई-रिक्शा करीब दस बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। सब्जी मंडी के सामने पीछे से आई मैक्स गाड़ी ने उसमें टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर आगे चल रहे बिरयानी के ठेले से टकरा गया।
टक्कर से ई-रिक्शा और ठेला दोनों सड़क पर पलट गए। हादसे में कोतवाली क्षेत्र के गांव बरामई निवासी प्रवीन कुमार का छह वर्षीय पुत्र कार्तिक समेत चार बच्चे घायल हो गए। कार्तिक टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में यूकेजी का छात्र है। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है।