एकतरफा प्रेम में एक युवक ने कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की शाम को एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों व परिजनों ने इस युवक को तमंचे सहित पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। देर रात घटना की रिपोर्ट दर्ज किए जाने की कार्रवाई की जा रही थी।
थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव निवासी 19 वर्षीय युवती बृहस्पतिवार की शाम छह बजे के करीब अपनी मां के साथ घर के बाहर नौहरे में पशुओं को चारा आदि डाल रही थी। इस दौरान यहां एक युवक आ गया और वह युवती से मारपीट करने लगा।
यह युवक युवती पर अपने साथ चलने के लिए दबाव बना रहा था। उसने वहां क़ुछ सामान भी फेंकना शुरू कर दिया। अपनी बेटी को पिटता देख जब युवती की मां ने इस युवक को रोकने की कोशिश की तो युवक ने तमंचा निकाल लिया और युवती को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों व अन्य ग्रामीणों ने इस युवक को तमंचे सहित पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई की। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में रात्रि में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पकड़े गए युवक ने अपना नाम नरेंद्र उर्फ रिंकू पुत्र संजय निवासी कोसी कलां जिला मथुरा बताया है।
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि रिंकू की फेसबुक के जरिये युवती से करीब एक साल पहले दोस्ती हुई थी। दोनों में अक्सर बातचीत भी होती थी। बताते हैं कि रिंकू उससे अपने साथ चलने की कहता था, लेकिन युवती इस बात पर राजी नहीं थी। इस बात को लेकर दोनों में मनमुटाव हो गया और इसके चलते रिंकू ने गोली मारकर युवती की हत्या कर दी।
आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है। पूछताछ में उसने यह बताया है कि फेसबुक के जरिये एक साल पहले उसकी युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों में किसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था। इसी के चलते उसने इस युवती की गोली मारकर हत्या की है। मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
-विनीत जायसवाल, पुलिस अधीक्षक, हाथरस