शहर की आवास-विकास कॉलोनी निवासी नीरज उपाध्याय हादसे का मंजर बयां करते हुए सिहर उठीं। उन्होंने बताया कि बस की डंपर से टक्कर के बाद एकाएक तेज धमाका हुआ, जिससे चारों तरफ अंधेरा छा गया और कान सुन्न पड़ गए। अंधेरा छंटा तो सामने मौत नजर आ रही थी।
नीरज ने बताया कि वे अपनी बेटी के साथ आगरा जा रही थीं। वे चालक के पीछे तीसरी सीट पर बैठी थीं। बस तेज रफ्तार में थी। आगे बैठी सवारियों ने चालक को धीरे चलाने के लिए टोका भी था। बस वाली लेन में ही सड़क पर डंपर खड़ा था। चालक को बस को धीमा कर साइड से निकालना था, लेकिन उसने सीधे टक्कर मार दी।
तेज धमाके के बाद उनकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया। सीट टूटकर उनके ऊपर आ गई और वे नीचे फंस गई। बेटी ने चीखते-चिल्लाते हुए हिम्मत दिखाई और बाहर निकाला। नीरज ने बताया कि उनका सिर फट गया और पैर में गंभीर चोट आई। उस एक पल में ऐसा लगा कि अब बचेंगे नहीं, सब खत्म हो गया।
बीच रास्ते में चालक ने रोक लिया था डंपर : बस चालक
जिला अस्पताल में भर्ती बस चालक आनंद प्रताप ने बताया कि वे अपनी लेन में चल रहे थे। एक डंपर उनके आगे चल रहा था। तभी सादाबाद की ओर से गिट्टियों से भरा एक डंपर आ रहा था। दोनों डंपर चालकों ने एक-दूसरे को हाथ दिया। इतने में ही बस के आगे चल रहे डंपर के चालक ने बात करने के लिए बीच सड़क पर ही ब्रेक लगा दिए। दूसरी लेन पर सामने से भी वाहन होने के कारण वे ओवरटेक नहीं कर सके। जब तक ब्रेक लगाए, सीधी टक्कर हो गई। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को बता दिया है।
हादसे में ये हुए घायल
नीरज उपाध्याय (45) निवासी आवास-विकास कॉलोनी, उदय सिंह (75) निवासी नवीपुर, रेखा (53) निवासी खरगू मुरसान, रचना (32), उनका बेटा अखत (10) व बेटी अखिता (13) निवासी लक्ष्मी टॉकीज वाली गली हाथरस, तारावती (54) व उनकी बेटी काजल (18), पूनम (30), उनकी बेटी शिवानी (7) व बेटा शिवम (4) सभी निवासी औरंगाबाद हरदुआगंज जिला अलीगढ़, राजनश्री (75) निवासी नगला सिंगर, हाथरस जंक्शन, प्रियंका (34) व उनका बेटा युग (2), मंजू (52) व उनकी बेटी कोमल (28), माही (12) व राजवती (58) सभी निवासी सासनी गेट, अलीगढ़ तथा रोडवेज बस का चालक आनंद प्रताप (32) निवासी राजा का रामपुर, पटियाली कासगंज घायल हुए।