डीएसओ की गाड़ी। स्रोत : सोशल मीडिया
- फोटो : Social Media
मुरसान कोतवाली क्षेत्र में कलक्ट्रेट के पास बृहस्पतिवार देर शाम डीएसओ विकास गौतम की सरकारी गाड़ी ने बाइक सवार तीन मजदूरों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल बनवारी लाल (60), रामप्रसाद (60) और रामगोपाल (50) को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें बनवारी के अधिक चोट है।
जानकारी के अनुसार, तीनों मजदूर अपनी मजदूरी के रुपये लेने के लिए ठेकेदार के पास हाथरस जा रहे थे। इस दौरान कलक्ट्रेट की ओर से आ रही जिला पूर्ति अधिकारी की सरकारी गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों मजदूर दूर जाकर गिरे और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। माैके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से एआरओ तीनों घायलों को उपचार के लिए हाथरस के बागला जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इनमें बनवारी हालत गंभीर है। तीनों को जिला अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। इधर, डीएसओ विकास गौतम ने कहा कि घटना के समय वे गाड़ी में नहीं थे। चालक गाड़ी लेकर घर जा रहा था। मोड़ने के दौरान बाइक सवार गाड़ी से टकराए हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। एएसपी रामानंद कुशवाह ने बताया कि हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम के संबंध में जानकारी ली जा रही है।