सादाबाद के मडनई से धनौटी के बीच आवागमन को सुगम बनाने के लिए करबन नदी पर करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनाया जाएगा। लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्र के लोग नदी पार करने में समस्याओं का सामना कर रहे थे। बरसात के समय स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चे, किसान और आम राहगीर परेशान होते थे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग के बाद शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा के अनुसार पुल का निर्माण चार बाई पांच फुट आकार के पांच सेल के ढांचे पर किया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान भी पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी। डिजाइन इस प्रकार तैयार किया गया है कि नदी के प्रवाह में कोई बाधा न आए और पुल की मजबूती लंबे समय तक बनी रहे।
उन्होंने बताया कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर पूरा होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि निर्धारित समय सीमा के अंदर पुल का निर्माण कार्य पूरा कर ग्रामीणों को इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए।