संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
कोतवाली क्षेत्र के हाथरस-सिकंदराराऊ मार्ग स्थित गांव नगला कांच के निकट बृहस्पतिवार को एक बाइक सवार व्यक्ति को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हादसे की रिपोर्ट होंडा वर्ना कार के चालक के खिलाफ मृतक के पुत्र ने दर्ज कराई है। बाइक सवार की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
अरविंद जादौन निवासी गोपालपुर बृहस्पतिवार को सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित सौर ऊर्जा प्लांट से ड्यूटी कर गांव गोपालपुर के लिए बाइक से जा रहा था। तभी सामने से हाथरस की तरफ से आ रही होंडा कार वर्ना ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के पुत्र स्वदेश प्रताप सिंह की तहरीर पर गाड़ी चालक विजय तोमर निवासी कैलोरा चौराहा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।