हाथरस। बिजली महकमे में ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम पर एसडीओ की पर्सनल आईडी का गलत इस्तेमाल करने वाले आरोपी को पकड़ा गया। यह आरोपी विद्युत विभाग का ही प्राइवेट कर्मचारी है। उसी दफ्तर में काम करता है। एसडीओ के छुट्टी पर जाने के दौरान इसने उनके पासवर्ड का गलत इस्तेमाल कर एक दूसरे एसडीओ के क्षेत्र के उपभोक्ता की जुर्माने की रकम माफ कर दी थी। एसडीओ ने खुद इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी है।
अधिकारियों ने एसडीओ से इस कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए इस पूरे मामले की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं ताकि यूपीपीसीएल मुख्यालय और एमडी आफिस को भी पूरे मामले की सच्चाई से वाकिफ कराया जा सके। दो दिन की छानबीन के बाद इस प्राइवेट कर्मी को पकड़ा गया है। गौरतलब है कि शहर के एसडीओ द्वितीय की आईडी का गलत इस्तेमाल करते हुए एसडीओ प्रथम के क्षेत्र में एक उपभोक्ता पर बिजली चोरी पकड़ में आने के बाद लगे जुर्माना की रकम माफ कर दी गई थी, जबकि यह उपभोक्ता एसडीओ द्वितीय के क्षेत्र का था ही नहीं। भले ही जुर्माने की रकम ज्यादा नहीं थी, लेकिन किसी उपभोक्ता के बिलिंग एमाउंट से छेड़छाड़ के इस बेहद गंभीर मामले ने हाथरस से लेकर अलीगढ़ और आगरा तक के अधिकारियों को हिलाकर रख दिया। बेहद सेफ समझे जाने वाला पूरे ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम की सुरक्षा ही सवालों के घेरे में आ गई। ----
ताकि भविष्य में न हो पाए ऐसी पुनरावृत्ति
अधिकारियों ने अब ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम तैयार करने वाली एजेंसी एचसीएल के इंजीनियरों को पत्र लिखकर ऐसी व्यवस्था करने को कहा है, जिससे भविष्य में कोई भी अधिकारी अपनी आईडी से किसी दूसरे क्षेत्र के उपभोक्ता के डाटा से कोई छेड़छाड़ न होने पाए। अधिकारी अपनी आईडी से केवल अपने क्षेत्र के उपभोक्ता को पार्ट पेमेंट की परमीशन के अलावा और कोई रियायत न दे पाए, वरना डाटा से छेड़छाड़ की घटनाएं किसी दिन महकमे के लिए बड़े नुकसान का सबब बन जाएंगी।
एसडीओ ने बताया है कि यह हरकत उनके दफ्तर के ही प्राइवेट कर्मी ने की है। उनसे पूरी रिपोर्ट मांगी गई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यूसी वर्मा, अधिशासी अभियंता प्रथम