हाथरस। रेलवे की संपत्ति इस समय बदमाशों के निश्ाने पर है। शुक्रवार की रात्रि बदमाशों ने ओएचई गोदाम पर धावा बोल कर चौकीदारों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया और लाखों की संपत्ति लूट ले गए। सप्ताह भर पहले बदमाशों ने उ. मध्य रेलवे की सिग्नल की केबिल चुराई थी। इससे यातायात प्रभावित हुआ था।
शुक्रवार की रात्रि में बदमाश उत्तर मध्य रेलवे के हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के ओएचई गोदाम पर आ धमके। उस समय वहां चौकीदार बंगाली सिंह व हीरालाल मौजूद थे। बदमाशों ने आते ही इनके साथ मारपीट शुरू कर दी और इन्हें बंधक बनाकर दिया। इसी दौरान रेलवे कालोनी के एक कर्मचारी के पुत्र राजेश को जागता देख बदमाशों ने उसे भी बंधकर बना लिया। बदमाश यहां से पीतल व तांबे के पौने चार लाख के उपकरण लूटकर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद चौकीदारों ने सायरन बजाया तो वहां रेलवे कर्मचारी पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद आरपीएफ के कंपनी कमांडर वीके ओझा, सहायक सुरक्षा आयुक्त रंजीत कुमार धारा, टूडला व आगरा के संयुक्त सुरक्षा डॉग स्काइड क्राइम इन्वेस्टिीगेशन ब्यूरी के प्रभारी चोब सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। इन सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छान-बीन की। डिपो इंचार्ज एसके श्रीवास्तव ने ओएचई के गोदाम से करीब 3.75 लाख के तांवे व पीतल के उपकरण एवं केबिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस संबंध में आरपीएफ कंपनी कमांडर बीके ओझा ने बताया कि घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा किया जाएगा। खुलासा न होने पर विधिवत रूप से घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।