न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में अब रिश्वत लेना और देना दंडनीय अपराध है कि पट्टिकाएं लगाई जाएंगी। शासन स्तर से यह फरमान सभी जिलों में भेज दिया गया है। यहां जिले में यह फरमान आते ही कई सरकारी विभागों में यह पट्टिकाएं लगवानी शुरू कर दी गई हैं। इस फरमान को प्रशासन स्तर से जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में भिजवा दिया गया है। इस पट्टिका पर सतर्कता अधिकारी, डीएम और सीडीओ के नंबर अंकित किए जाएंगे।
इस पट्टिका को लगाने के साथ इस पर यह भी लिखा जाएगा कि अगर कोई भी कर्मचारी या अधिकारी आपसे रिश्वत लेने की मांग करता है तो इन नंबरों पर सूचना दी जा सकती है। इस फरमान के सरकारी विभागों में पहुंचने के बाद विभाग की ओर से पट्टिकाओं के लगाने के लिए जगह चिह्नांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई और बोर्ड बनवाने का काम भी शुरू हो गया है।
अगर निरीक्षण के दौरान उच्चाधिकारियों को यह पट्टिका लिखी नहीं मिलती है तो उस विभाग के संबंधित अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।