न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश सरकार द्वारा निर्मित जिले की सड़कों की स्थिति को जानने के लिए 26 जून से अभियान शुरू कर दिया है। इसके लिए अन्य जिलों के अधिकारियों समेत 26 सदस्यीय टीम बनाई गई है। टीम को 5 जुलाई तक जिले की कुल 777 सड़कों की गुणवत्ता की जांच करनी है। इनकी लंबाई 2310 किलोमीटर है।
प्रदेश सरकार ने जनपद में 777 सड़कों का निर्माण कराया है। इनमें कुछ अभी निर्माणाधीन भी है। केवल लोनिवि द्वारा बनाई गई सड़कों की लंबाई 1784 किलोमीटर है। वहीं प्रदेश सरकार के अन्य विभाग जैसे आरईएस, जिला पंचायत, नगर पालिका आदि को भी मिला लिया जाए तो सड़कों की लंबाई 2310 किलोमीटर है। इनमें से कुछ सड़कें अभी निर्माणाधीन हैं।
इन सड़कों की गुणवत्ता और मॉनीटरिंग के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से पोर्टल तैयार किया गया है। जिससे जिले की सभी 777 सड़कों के कोड नंबर भी जारी किए गए है। सभी निर्माण कार्यों की स्थिति, प्रगति एवं पूर्ण कार्यों का पूरा डाटा विभागीय अधिकारियों द्वारा इस पोर्टर पर दिए गए फॉरमेट में अपलोड करना है।
इसके लिए बनाई गई 26 अधिकारी की टीम में 19 जेई, 5 सहायक अभियंता, एक अधिशासी अभियंता एवं एक अधीक्षण अभियंता को शामिल किया गया है। शासन के अधिकारियों को जानकारी देने के लिए यह टीम पोर्टल पर सड़कों की स्थिति बताने के साथ ही इसका रिकॉर्ड भी तैयार करेगी और आला अधिकारियों को सौंपेगी।
5 जुलाई को अभियान पूर्ण होने के बाद एक अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में फिर एक टीम हाथरस आकर दो दिन तक इन सड़कों की क्रॉस चेकिंग भी करेगी। इस टीम को शासन की ओर से कुछ सड़कों का कोड नंबर बताए जाएंगे। इसके हिसाब से यह टीम क्रॉस चेकिंग करेगी। इसके बाद इनके द्वारा भेजी गई रिपोर्ट और पूर्व में भेजी गई रिपोर्ट की शासन स्तर पर समीक्षा की जाएगी। इसमें खामियां मिलने पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ विधिवत रूप से कार्रवाई की जाएगी।
---------
शासन द्वारा जिले के सड़कों की स्थित जानने के लिए पांच जुलाई तक अभियान चलाया जा रहा है। सड़कों की जो भी स्थिति होगी उनका फोटो व वीडियो विभाग के पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। विभाग के आला अधिकारियों के साथ विभाग के मंत्री व सीएम स्तर से समीक्षा इसकी होगी। जो भी अनियमितताएं मिलेंगे उसके अनुसार विधिवत रूप से कार्रवाई होगी।
- आरके मिश्रा, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग, हाथरस।