न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। तालाब रेलवे फाटक पूर्णत: बंद होने पर हाथरस डिपो की रोडवेज बसें अब बाईपास से गुजरेंगी। आगरा-अलीगढ़ रोड वन वे रहने तक रोडवेज बसों का संचालन तालाब चौराहा होते हुए मथुरा बाईपास कट से किया जाएगा। किराया वृद्धि का प्रस्ताव मुख्यालय को पहुंच चुका है।
बता दें कि शहर के तालाब चौराहा पर जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सेतु निगम द्वारा ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया गया है। तालाब फाटक से अलीगढ़ को जाने वाले मार्ग को वन वे कर दिया गया है। इस कारण रोडवेज बसों सहित बड़े वाहनों का शहर में अलीगढ़ की ओर से प्रवेश रोक दिया गया है।
डिपो के अधिकारियों द्वारा यात्रियों को कुछ समय राहत देने के लिए बसें तालाब चौराहा होते मथुरा रोड पर बाईपास कट निकाली जा रही हैं। तालाब फाटक पूर्णत: बंद होने के बाद बसों को बाईपास से गुजारा जाएगा। बाईपास से बस स्टैंड आने वाली बसों के किराये में 13 रुपये की बढ़ोतरी होगी। इस मामले में एआरएम जीएस शर्मा का कहना है कि अभी फाटक पूर्णत: बंद नहीं हुआ है, इसलिए बसों को बाईपास कट से रवाना किया जा रहा है।