अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
क्लीन हाथरस मूवमेंट के तहत युवाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को युवाओं की टीम और गति दे रही है। शहर के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं की टीम भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
सोमवार को युवाओं की टीम ने मुरसान ब्लॉक के गांव ताजपुर में जाकर भ्रमण किया। टीम ने ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं करने और ऐसा करने से होने वाली बीमारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। घर-घर शौचालय बनवाए जाने का भी आह्वान किया गया। गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसकी शुरुआत ग्राम प्रधान धर्मवीर सिंह ने की।
यह रैली पूरे गांव में भ्रमण करते हुए लोगों से घर के आसपास साफ-सफाई रखने के साथ-साथ खुले में शौच नहीं करने की अपील कर रही थी। खुले में शौच जल्दी मौत, शर्म करो-शर्म करो, लोटा-डिब्बा बंद करो... जैसे भी नारे लगाए गए। ग्राम प्रधान ने भी युवाओं के प्रयास की सराहना की।
युवाओं की टीम में सिद्धार्थ शर्मा, नवीन शर्मा, त्रिभुवन शर्मा, शिवकुमार, जय दीक्षित, अजीत दीक्षित, उपदेश पौनिया के अलावा ग्राम प्रधान धर्मवीर सिंह, चंद्रवीर सिंह, रनवीर सिं चाहन, अर्जुन सिंह, विशाल ठाकुर भी साथ थे।