फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras News: 62 बसें महाकुंभ में गईं, मार्गाें पर यात्री हो रहे बेहाल

Tue, 28 Jan 2025 01:50 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस
विज्ञापन
हाथरस रोडवेज बस स्टैंड पर बस में चढ़ने के लिए होती धक्का-मुक्की। संवाद - फोटो : Samvad
विज्ञापन
मौनी अमावस्या के शाही स्नान से पहले दूसरे डिपो के साथ हाथरस डिपो की 65 में से 62 बसें महाकुंभ के लिए रवाना कर दी गई हैं, जिससे मार्गाें पर बसों की किल्लत गहरा गई है। दो-दो घंटे के इंतजार के बाद यात्रियों को बसें मिल रही हैं। यह बसें भी पहले से ही खचाखच भरकर आ रही हैं, जिससे इनमें सवार होने के लिए मारामारी मच रही है।
विज्ञापन




बस स्टैंड और अन्य स्टॉपेज पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पहले से ही खचाखच भरकर आ रहीं बसों के चालक बसें रोक ही नहीं रहे हैं। यात्रियों को बसों के पीछे दौड़ लगानी पड़ रही है, फिर भी उन्हें बस पकड़ने में कामयाबी नहीं मिल रही। सोमवार की सुबह बस न मिलने से बस स्टैंड पर सैकड़ों यात्री परेशान नजर आए। इनमें बड़ी संख्या में कामकाजी लोग, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग शामिल थे।



एक-एक घंटे तक बस न मिलने से इनमें नाराजगी नजर आई। समय ज्यादा होने से ज्यादातर नौकरी पेशा और कामकाजी लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ गया, जबकि कुछ प्राइवेट वाहनों के जरिये गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश करते नजर आए। कई डग्गेमार वाहनों में तो यात्री मजबूरी में भूसे की तरह लदकर यात्रा करते नजर आए। डग्गेमार वाहन चालकों ने भी यात्रियों की मजबूरी का पूरा फायदा उठाया और निर्धारित से दोगुना तक किराया वसूलकर उन्हें गंतव्य तक पहुंचाया।
विज्ञापन




दरअसल, हाथरस डिपो की बसों को गोरखपुर के गोला और बिहार सीमा के लार से श्रद्धालुओं को प्रयागराज में महाकुंभ तक पहुंचाने के लिए भेजा गया है। हालांकि सवारियां कम होने से दो दिन पहले 15 बसें लौट आई थीं, जिससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब मौनी अमावस्या से पहले इन बसों को फिर वहीं रवाना कर दिया गया है। नतीजा, अब फिर मार्गाें पर बसों का गंभीर संकट खड़ा हो गया। चूंकि हर डिपो से बसें कुंभ में गई हैं, इसलिए दूसरे डिपो की बसें भी कम ही नजर आ रही हैं।



मौनी अमावस्या के दो दिन बाद तक हाथरस में बसों की कमी रहेगी। आगरा-अलीगढ़ व मथुरा-बरेली राजमार्ग के अलावा दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। यात्री परिवहन निगम की व्यवस्थाओं को कोसते हुए नजर आए। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक हाथरस डिपो इरफान अहमद ने बताया कि पीछे से आने वाली बसों को बस स्टैंड पर रुकवाकर यात्रियों को बैठाया जा रहा है। जब तक बसें कुंभ से नहीं लौट आतीं, तब तक यह समस्या बनी रहेगी।





टुकड़ों में यात्रा करने को मजबूर हुए यात्री

बसों की कमी के कारण यात्रियों को टुकड़ों में यात्रा करने को मजबूर होना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि हाथरस से दिल्ली की यात्रा के लिए यात्री पहले अलीगढ़ या फिर मथुरा पहुंचकर दिल्ली की बसें पकड़ रहे हैं। यही हाल अतरौली, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुर आदि शहरों के लिए जाने वाले यात्रियों का भी है। आगरा-अलीगढ़ जाने वाले यात्री टेंपो से टुकड़ों में यात्रा कर रहे हैं। अलीगढ़ जाने वाले यात्री पहले टेंपो से सासनी पहुंचते हैं और फिर दूसरा टेंपो पकड़कर अलीगढ़ तक पहुंच पाते हैं। आगरा जाने वाले यात्री पहले सादाबाद पहुंचते हैं, फिर वहां से आगरा जाने का साधन तलाशते हैं।





मुझे दिल्ली जाना है। इसके लिए करीब दो घंटे से यहां पर बैठा हूं। कोई बस ऐसी नहीं है, जिसमें घुसने की भी जगह मिल जाए। इंतजार कर रहा हूं कि कोई थोड़ी सी कम भीड़ वाली बस आए तो उससे बैठकर चला जाऊं।
-विशाल शर्मा निवासी हाथरस।






अलीगढ़ जाना है। डिपो से कोई बस निकल नहीं रहीं। पीछे से आने वाली बसों में इतनी भीड़ है कि घुस पाना भी मुश्किल हो रहा है। अब कोई निजी वाहन देख रहा हूं, जो अलीगढ़ की ओर जा रहा हो और उसमें खड़े होने की जगह भी हो।
विज्ञापन

-हर्ष कुमार निवासी हाथरस।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें