आपूर्ति विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को छापा मारकर सरकारी चावल के बोरों से लदे दो ट्रक पकड़े हैं। इन ट्रकों में कुल 421 बोरे चावल लदा था। कालाबाजारी की आशंका पर दोनों ट्रकों को हनुमान पुलिस चौकी में खड़ा करा दिया गया है।
बुधवार को एसडीएम सासनी को सूचना मिली कि अलीगढ़ रोड पर भाविनी कोल्ड स्टोर के पास सरकारी राशन के चावल से लदे दो ट्रक खड़े हैं। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और दोनों ट्रकों को पकड़ लिया गया। दोनों ट्रकों को हनुमान चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया। हालांकि, अभी तक आपूर्ति विभाग यह स्पष्ट नहीं कर सका है कि यह माल किसका था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
पूर्ति निरीक्षक रवेंद्र कुमार ने बताया कि यह चावल कोटेदारों को वितरण के लिए ले जाया जा रहा था। छानबीन में कालाबाजारी जैसी कोई बात नहीं सामने आई है। इस चावल को डीलरों तक पहुंचाने के लिए दो आपूर्ति निरीक्षक और दो क्षेत्रीय वितरण अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
181 बोरे पकड़े जाने की जांच शुरू
दो दिन पहले ही एसडीएम और पूर्ति निरीक्षक ने पुलिस बल के साथ मिलकर सासनी क्षेत्र में छापा मारकर राशन के चावल के 181 बोरे पकड़े थे। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, मामले की परतें खोले जाने के लिए एसपी ने एसआईटी टीम का गठन किया है। इस टीम में अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, एसओजी प्रभारी, एंटी थेफ्ट प्रभारी, सासनी इंस्पेक्टर, विवेचक और एक प्रशासनिक अधिकारी को शामिल किया गया है। टीम पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है।