शहर के एक दो पहिया वाहन शोरूम पर रखी बकिंग की बाइक। संवाद।
- फोटो : samvad
धनतेरस से पहले ही वाहन बाजार में जबरदस्त रौनक हो गई है। जिले में इस बार लगभग 400 दो और चार पहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी हैं, जिन्हें धनतेरस के दिन ग्राहकों को दिया जाएगा।
शहर के वाहन शोरूमों में त्योहार की रौनक है, इन शोरूमों में सजावट की गई है। दोपहिया वाहन शोरूमों में सबसे अधिक मांग स्कूटी और मोटरसाइकिल की है। चारपहिया वाहनों में मध्यम श्रेणी के वाहन ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। इस साल वाहनों के दामों में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है, बल्कि कम सीसी इंजन के वाहन सस्ते हुए हैं, जिससे ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। कई ग्राहकों ने ऑनलाइन बुकिंग के साथ एक्सचेंज ऑफर और फाइनेंस स्कीम का भी लाभ लिया है।
इस बार बाजार में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। ग्राहकों की दिलचस्पी बैटरी स्कूटी और ई-बाइक की ओर बढ़ रही है। शोरूम संचालकों के मुताबिक 13 अक्तूबर तक पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, ताकि सरकार से मिलने वाले सभी लाभ ग्राहकों को मिल सकें। हालांकि इनकी डिलीवरी धनतेरस पर दी जाएगी। वाहन विक्रेताओं का कहना है कि इस साल के त्योहार पर बिक्री में 25 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना है।
इस साल धनतेरस-दिवाली से पहले बाजार में अच्छी रौनक है। अभी तक करीब 11 कारों की बुकिंग हो चुकी है। माना जा रहा है कि करीब 10 बुकिंग और हो सकती हैं।
-प्रयांक वर्मा, प्रबंधक कार शोरूम।
जीएसटी में कमी का असर साफ दिखाई दे रहा है। इस साल बुकिंग काफी अच्छी हो रही है। दामों में कमी होने से लोगों का रुझान बाइकों की ओर अधिक है। अभी तक करीब 40 बुकिंग हो चुकी हैं।
-देवेश सिंघल, संचालक बाइक शोरूम।