संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिला पंचायत सदस्य पद के चुनावी मुकाबले की तस्वीर बुधवार को बिल्कुल साफ हो गई। जिले के 24 वार्डोँ में जिला पंचायत सदस्य पद के अब 310 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देश के क्रम में बुधवार की दोपहर तक पर्चा वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई।
सुबह से कलेक्ट्रेट पर बने नामांकन कक्ष में अधिकारी व कार्मिक तैनात रहे। नाम वापसी की रिपोर्ट तत्काल चुनाव आयोग को भेजी गई। इस दौरान नौ प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए। दोपहर बाद चुनाव चिह्न के आवंटन के लिए कलेक्ट्रेट पर नामांकन करने वालों की भीड़ लगी रही। नामांकन करने वाले अपने चुनाव चिह्नों के बारे में जानने के लिए उत्सुक दिखे। प्रशासन की ओर से निरस्त किए गए नामांकनों की सूची भी चस्पा की गई है।
जिला पंचायत सदस्य की वार्ड वार स्थिति
कुल प्राप्त नामांकन 324
निरस्त नामांकन 05
पर्चा वापसी 09
इन लोगों ने वापस लिए नामांकन
वार्ड नंबर 23 से शरद कुमार, वार्ड नंबर 18 से प्रदीप कुमार, वार्ड संख्या 16 से सरोज उपाध्याय, वार्ड संख्या 16 से आर्य रामसरन उर्फ लहटू ताऊ, वार्ड नंबर 20 से विनोद उपाध्याय, मनोज यादव, वार्ड नंबर सात से संतोष शर्मा व कृष्ण कुमार व वार्ड नंबर नौ से विनोद कुमार ने की पर्चा वापस लिया है। विनोद उपाध्याय, सरोज उपाध्याय सहित कई लोगों ने दो-दो वार्ड से नामांकन किए थे। अब इन लोगों ने एक-एक वार्ड से नामांकन वापस ले लिया है, जबकि एक-एक वार्ड में वह चुनाव लड़ेंगे।
इन नामांकन करने वालों के पर्चे हुए खारिज
वार्ड नंबर एक से छत्रपाल का प्रस्तावक अन्य वार्ड से होने, वार्ड नंबर छह से अकीला बेगम का प्रस्तावक अन्य वार्ड से होने, वार्ड नंबर छह से जसवंत सिंह का महिला वार्ड से पर्चा दाखिल करने के कारण, वार्ड नंबर 18 से वर्षा कुमारी का आयु कम होने के कारण और वार्ड नंबर 20 से दयावती का प्रस्तावक खुद के वार्ड का न होने के कारण पर्चा खारिज किया गया है।