बिल भुगतान में छूट दिलाने के नाम हड़पे 28 हजार रुपये
विद्युत उपभोक्ता ने एक संविदाकर्मी पर लगाया आरोप, थाने मेें की शिकायत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
सादाबाद। क्षेत्र के गांव वास मोहन जारऊ में एक विद्युत संविदा कर्मी ने विद्युत बिल के भुगतान में छूट दिलाने का लालच देकर एक उपभोक्ता के 28 हजार रुपये हड़प लिए। मांगने पर उपभोक्ता के साथ गाली गलौज और उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित उपभोक्ता ने गांव के लोगों के साथ कोतवाली पर पहुंचकर इस मामले की शिकायत पुलिस से की।
वास मोहन जारऊ निवासी पंकज कुमार पुत्र रामवीर सिंह ने की गई शिकायत में बताया कि सात जनवरी 2019 को वह बिल निकलवाने के लिए गया तो विभाग के एक संविदा कर्मी ने उसे 38 हजार रुपये का बिल बताया और बोला कि 28 हजार रुपया दे दो, बिल क्लीयर करा दूंगा। उसने 28 हजार रुपये संविदा विद्युत कर्मी को दे दिए, लेकिन जनवरी से लेकर आज तक विद्युत बिल जमा नहीं किया गया।
31 अगस्त को जब वह उक्त संविदा कर्मी के पास पहुंचा और 28 हजार रुपयों को वापस मांगा तो आरोप है कि संविदाकर्मी गाली गलौज करने लगा और मारपीट करने पर आमदा हो गया। धमकी दी कि रुपया मांगना छोड़ दे, वरना जान से मरवा दूंगा।