न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
शासन स्तर से अब शौचालय निर्माण की जीओ टैगिंग व फोटो अपलोडिंग के लिए एमएसबीएम मोबाइल ऐप लांच किया है। अब ऐप के माध्यम से जिले में वंचित परिवारों के शौचालय निर्माण की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
इसके लिए अब नए मोबाइल ऐप को सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल में रजिस्टर्ड करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। विगत में शौचालय निर्माण से वंचित परिवारों के लिए शासन के निर्देश पर बेसलाइन सर्वे कराया गया था। इस सर्वे में जिले में करीब 12 हजार परिवार ऐसे पाए गए थे, जो शौचालय निर्माण से वंचित रह गए थे।
अब वर्तमान में इन परिवारों में शौचालय निर्माण कराया जा रहा है। इन शौचालय निर्माण की रिपोर्ट सीधे शासन को मिलती रहे, इसके लिए शासन स्तर से एमएसबीएम मोबाइल ऐप लांच किया गया है।
इस ऐप के माध्यम से वंचित परिवारों में शौचालय निर्माण पूरे होने के बाद फोटो खींचकर अपलोड कर शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। वही इसी ऐप के माध्यम से शौचालय निर्माण की जीओ टैगिंग भी की जा रही है।