न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में नौ उड़नदस्ता की टीमें तैयार की गई हैं। यह टीमें लोकसभा चुनाव में जिले की सीमाओं पर निगरानी करेंगी। जिले में आने वाली गाड़ियों की चेकिंग की कार्रवाई करेंगी। इन टीमों पर कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए इन सभी गाड़ियों में जीपीएस लगा दिया गया है। इस जीपीएस की लोकेशन कंट्रोल रूम में लगे सिस्टम पर देखी जाएगी।
जिले के सभी उड़नदस्ता टीमों में जीपीएस एक्टिवेट कर दिया गया है। यह टीमें जिले की सीमा पर तैनात कर दी गई हैं। यह टीमें जिले में आने वाली संदिग्ध गाड़ियों की तलाशी करेंगी और निर्धारित मात्रा से अधिक कैश या अवैध शराब आदि वस्तुएं पाए जाने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित करेंगी।
वहीं इन गाड़ियों पर जीपीएस के माध्यम से कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम से निगरानी भी रखी जाएगी। जिला प्रशासन के उच्चाधिकारी कभी भी इन गाड़ियों को कंट्रोल रूम से ट्रैक कर सकेंगे। यहां तक कि प्रत्येक शाम इन गाड़ियों के संचालन की पूरी रिपोर्ट तैयार होगी। इस रिपोर्ट में गाड़ी ने कितनी दूरी तय की, किस स्पीड से तय की, गाड़ी कहां गई और कितनी- कितनी देर रुकी, का ब्योरा लिखा जाएगा।