फोन पर ओटीपी पूछकर खाते से उड़ाए 20 हजार रुपये
सादाबाद निवासी पीड़ित युवक अपनी शिकायत लेकर पहुंचा कोतवाली
युवक के साथ एसबीआई पहुंचकर पुलिस ने ली पूरे मामले की जानकारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सादाबाद के एक युवक के बैंक खाते से किसी ने 20 हजार रुपये पार कर दिए। इस संबंध में उसने एसबीआई बैंक की मुख्य शाखा में जानकारी की और फिर अपनी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा। पुलिस ने इस मामले में बैंक पहुंच पूरी जानकारी ली।
सादाबाद निवासी एक युवक ने बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि तुम्हारा एटीएम एक्सपायर हो रहा है। उसे रिन्यू कराने के लिए फोन पर भेजे गए ओटीपी नंबर को बताओ। इतना सुनने के बाद युवक ने फोन करने वाले को अपने पास आए ओटीपी को बता दिया, जिसके कुछ ही देर बाद उसके एसबीआई खाते से 20 हजार रुपये पार हो गए। इसकी सूचना उसने एसबीआई की मुख्य शाखा में आकर दी, जिसके बाद खाता नंबर पर रोक लगा दी गई, ताकि युवक के खाते से और रुपये पार नहीं हो सकें।
शिकायत लेकर पीड़ित कोतवाली पुलिस के पास पहुंचा। एडिशनल एसएचओ डीके वर्मा ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस बैंक से पूरे मामले की जानकारी करने गई थी, लेकिन बैंक ने किसी भी प्रकार की सूचना देने से मना कर दिया। युवक द्वारा इस मामले में अभी तक लिखित में कोई शिकायत नहीं दी गई है। अब तहरीर प्राप्त होती है तो कार्रवाई की जाएगी।