अंत: जनपदीय स्थानांतरण व समायोजन प्रक्रिया के तहत जिले के 192 शिक्षकों को इधर से उधर किया गया है। विभाग में इन शिक्षकों को कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही यह प्रक्रिया पूर्ण हो जाएगी।
बीएसए स्वाति भारती ने बताया कि शिक्षकों द्वारा किए गए आवेदनों में से 361 शिक्षकों के आवेदन सत्यापित किए गए थे। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा इनमें से 192 शिक्षकों की सूची जारी की गई है। इन शिक्षकों को समायोजित कर दिया गया है। विभाग में इन शिक्षकों की कार्यमुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जल्द ही यह शिक्षक कार्यमुक्त हो जाएंगे।
गौर हो कि जिले के कई परिषदीय विद्यालयों में आवश्यकता से अधिक शिक्षकों की तैनाती है, वहीं दूसरी ओर कई विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। इससे शिक्षा के स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए शासन ने शिक्षकों के अंत: जनपदीय स्थानांतरण व समायोजन की प्रक्रिया का आदेश जारी किया था। शासन के आदेश पर बेसिक शिक्षा विभाग में यह प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसी क्रम में शिक्षकों से इस प्रक्रिया के लिए स्वेच्छा से आवेदन मांगे गए थे।