न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। कलेक्ट्रेट सभागार में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम डॉ. रमाशंकर मौर्य ने विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। डीएम ने बीएसए से ठंड में स्वेटर वितरण की प्रगति के बारे में जानकारी ली। बीएसए ने बताया कि जिले में कुल 20 प्रतिशत स्वेटर का वितरण हुआ है।
इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। वहीं बेसलाइन सर्वे में बीडीओ द्वारा शौचालयों के तहत छूटे पात्र लाभार्थियों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं दे पाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने उद्योग विभाग के ओडीओपी के तहत हींग उत्पादन और मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के बेहतर ढंग से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग से दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। सीडीओ एसपी सिंह ने समाज कल्याण अधिकारी से सामूहिक विवाह योजना के तहत वृहद स्तर पर कैंप का आयोजन करने के निर्देश दिए। बैठक में पीडी चंद्रशेखर शुक्ला, डीडीओ मंजू श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि एचएन सिंह, जिला कृषि अधिकारी डिपिन कुमार, बीएसए हरीश चंद्र, डीएसओ सुरेंद्र यादव आदि अधिकारी मौजूद थे।