न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। जिले को ओडीएफ करने के लिए विभागीय अधिकारी जुटे हुए है। अब जिले में शौचालय निर्माण की हकीकत खुद अलीगढ़ मंडल के कमिश्रर डोर टू डोर जाकर जानेंगे। इसे लेकर विभागीय अधिकारियों में खलबली मची हुई है। आगामी माह में कमिश्नर जिले के किसी भी एक गांव का दौरा करेंगे और वहां शौचालय निर्माण का डोर टू डोर निरीक्षण करेंगे। इस मौके पर निर्माण कार्य का तकनीकी जांच की जाएगी।
निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, गांव की साफ-सफाई की भी हकीकत लोगों से जानेंगे। इसे लेकर अब विभागीय स्तर से एक गांव की चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इस गांव को विभागीय अधिकारी पूरी तरह संतृप्त करने की कार्ययोजना बना रहे है।
गुरुवार को अलीगढ़ में हुई स्वच्छ भारत मिशन की बैठक में शौचालय निर्माण की समीक्षा की गई और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर जिले से गए अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि स्वच्छता सर्वेक्षण के बारे में लोगों को जागरूक किया जाए और मोबाइल एप के माध्यम से वोटिंग कराई जाए। जिले के किसी भी गांव में कोई भी पात्र शौचालय निर्माण से वंचित न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि गांवों में चल रहे शौचालयों का निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच खुद अधिकारी व कर्मचारी स्थलीय निरीक्षण कर देखें। निर्माण कार्य के दौरान आने वाली समस्या को संबंधित अधिकारियों के स्तर से निस्तारण कराए।
-----------------
सात नोडल अधिकारी तैनात
मंडल स्तर से जिले के सातों ब्लॉकों के सत्यापन के लिए सात नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। यह अधिकारी प्रथम चरण में एक-एक ब्लॉक की पांच-पांच ग्राम पंचायतों में जाकर शौचालय निर्माण की स्थिति देखेंगे। इन ग्राम पंचायतों में सत्यापन के बाद यही अधिकारी अन्य ग्राम पंचायत की सूची तैयार करेंगे। पांच ग्राम पंचायतों का सत्यापन होने के बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।