न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते सड़क की खुदाई में नगर पालिका की पेयजल आपूर्ति करने वाली पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते शहर के कई इलाकों में लोगों ने पेयजल का संकट झेला। लोगों ने जैसे-तैसे जरूरत भर पानी की व्यवस्था की।
इस समय तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए अब रेलवे ट्रैक के दूसरी ओर यानि आगरा रोड पर सड़क की खुदाई का काम चल रहा है। इसके चलते शनिवार को इस खुदाई में पालिका की भूमिगत वाटर सप्लाई की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। दूसरे दिन भी यह पाइप लाइनें ठीक नहीं हुई।
ऐसे में शहर के श्रीनगर, कैलाश नगर, रमनपुर, नवल नगर, अलीगढ़ रोड पर करीब दो हजार कनेक्शनों में पालिका का पानी नहीं पहुंचा। भीषण गर्मी में लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ी और जैसे-तैसे लोगों ने जरुरत भर पानी का इंतजाम किया। जेई वाटर वर्क्स नंद किशोर का कहना है कि नगर पालिका की पाइप लाइन को ठीक कराकर सोमवार को जलापूर्ति चालू करा दी जाएगी।