न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
गर्मी बढ़ने के साथ बिजली उपकरण ओवर लोड हो रहे हैं। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। शहर के अलीगढ़ रोड पर लेबर कॉलोनी के निकट ट्रांसफॉर्मर में फाल्ट हो गया। इस कारण सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में बिजली संकट गहराया गया। लोगों का बिना बिजली के रविवार की छुट्टी का मजा किरकिरा हो गया।
तापमान हर रोज 40 के पार पहुंच रहा है तो वहीं बिजली के नखरे भी बढ़ गए हैं। लाइनों में फाल्ट और मशीनों में धमाके हो रहे हैं। इस कारण कभी दिन में तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। इसे लेकर लोगों में गुस्सा है। रविवार की सुबह लेबर कॉलोनी के निकट 11 केवीए की लाइन में फाल्ट हो गया।
इस कारण अलीगढ़ रोड के लेबर कॉलोनी और नेहरू कॉलोनी सहित कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बिना बिजली के लोग जरूरी कामकाज नहीं कर सके। घरों में लगे उपकरण शोपीस बने रहे। पीने के पानी तक के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। दोपहर को बिजली आने के बाद फुर्ती के साथ पेडिंग कामों को निपटाने में जुट गए। बिजली आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।