न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
दी बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हरीशंकर गिरी एडवोकेट ने सादाबाद नगर की प्रमुख समस्याओं को लेकर डीएम को पत्र भेजा है। पत्र में नगर के सभी चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने, बस यात्री प्रतीक्षालय बनवाए जाने और बसों को बस स्टैंड से निकाले जाने के लिए अधीनस्थों को निर्देशित करने की मांग की गई है।
हरीशंकर गिरी एडवोकेट ने पत्र में कहा कि सादाबाद के मुरसान रोड चौराहे, विनोवा नगर चौराहा, सलेमपुर रोड तिराहा, करबन नदी तिराहा, चौधरी चरण सिंह चौराहा, आगरा चुंगी, जवाहर बाजार, मथुरा अड्डा आदि जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, जिससे कि नगर वासी अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें। पुलिस को भी इन कैमरों की मदद से मदद मिल सके और अपराधों पर लगाम लग सके।
रोडवेज बस स्टैंड सहित नगर के सभी चौराहों पर यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण कराया जाए और सभी प्रतीक्षालयों के पास पेयजल की भी व्यवस्था कराई जाए। रोडवेज बसों के कर्मचारियों द्वारा बस को बस स्टेंड पर लाने के बजाय सीधे बाईपास से निकाल ले जाते हैं, जिससे यात्री परेशान हैं, जनहित में रोडवेज बसों को बस स्टेंड से होकर निकाला जाना आवश्यक है।