न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विद्युत स्टोर के अधिकारी सामान का गोलमाल नहीं कर पाएंगे। नोटिस बोर्ड पर हर रोज यह अंकित होगा कि स्टोर में वर्तमान में कितनी सामग्री है। नोटिस बोर्ड की मदद से उपभोक्ता भी यह जानेंगे कौन कौन सा सामान स्टोर में है। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि बिजली के स्टोर से 62 बिजलीघरों और नलकूप कनेक्शन धारकों, अन्य उपभोक्ताओं को समान दिया जाता है। सामान नहीं मिलने पर स्टोर में हंगामा होना आम बात है। साथ ही लोगों को सामान के लिए स्टोर के चक्कर काटने पड़ते हैं। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए निगम के अधिकारियों नोटिस बोर्ड का सहारा लेते हुए पारदर्शिता लाने का फैसला लिया।
अब नोटिस बोर्ड पर हर रोज यह अंकित कि स्टोर में ट्रांसफॉर्मर, पोल, एंगिल, केबल, तार आदि सामान कितना है। इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि अफसरों को भी यह पता रहे कि स्टोर में क्या क्या सामान मौजूद है, किस सामान की कमी चल रही है।
खास बात यह है कि बिजली स्टोर पर सक्रिय दलाल भी अब उपभोक्ताओं को अपने जाल में नहीं फंसा सकेंगे। इस मामले में एसडीओ स्टोर शेर सिंह का कहना है कि नोटिस बोर्ड पर स्टोर में मौजूद सामान को हर रोज अंकित किया जाएगा। इससे उपभोक्ता को भी पता रहेगा कि स्टोर में क्या सामान वर्तमान में है।