न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कक्षा 12 की तरह ही इस बार भी सीबीएसई का कक्षा 10 का रिजल्ट एकाएक घोषित हुआ। जैसे ही विद्यार्थियों और उनके परिजनों को यह मालूम हुआ कि दोपहर तीन बजे रिजल्ट घोषित हो रहा है। वह अपने-अपने साधनों से रिजल्ट जानने में लग गए। रिजल्ट काफी बेहतर आया तो ऐसे में ज्यादातर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिले दिखे। वहीं कुछ की आशा के अनुरूप रिजल्ट नहीं आया तो वह निराश भी दिखा। रिजल्ट आने के बाद पहले तो स्कूलों में चहल-पहल रही और उसके बाद छात्र-छात्राओं ने अपने साथियों के साथ मस्ती की।
तीन दिन पहले सीबीएसई का रिजल्ट एकाएक घोषित हुआ था। ऐसे में यह कयास लगाया जा रहा था कि इस बार सीबीएसई का कक्षा 10 का रिजल्ट भी एकाएक ही आएगा, लेकिन यह माना जा रहा था कि यह गुरुवार या शुक्रवार को आएगा। सोमवार को जैसे ही सीबीएसई ने रिजल्ट की घोषणा की वैसे ही परीक्षार्थी बेचैन हो गए।
वह अपने-अपने साधनों से रिजल्ट देखने में लग गए। अपने-अपने स्कूलों में संपर्क साधने में जुट गए। रिजल्ट तो करीब एक-डेढ़ घंटे बाद उन्हें मिल गया, लेकिन उसके बाद वह यह जानने को बेचैन रहे कि उनके स्कूल अथवा जिले में कौन टॉपर रहा। देर शाम तक छात्र-छात्राओं ने पार्टी की और पास होने की खुशी मनाई।