न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
जल्द ही शहर के लोगों के पास नई दर वाले हाउस और वाटर टैक्स के बिल पहुंचेंगे। इसके लिए नगर पालिका में प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इससे शहर के पालिका के करदाताओं को राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि चुनाव के दौरान शहर में वाटर टैक्स और हाउस टैक्स को कम करने का मुद्दा भी उठाया गया था। चुनाव के बाद एक कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में शहर में 40 फीसदी तक हाउस और वाटर टैक्स कम करने की सिफारिश की थी।
बाद में इस रिपोर्ट को इलाहाबाद को भेज दिया गया था। बताते हैं कि अब इस इस टैक्स को कम कर दिया गया है। इससे हाथरस शहर के करीब 30 हजार से ज्यादा करदाताओं राहत मिलेगी। इन्हें 40 फीसदी तक कर से राहत मिलेगी। पालिका इसके लिए तैयारी कर रही है। यह बिल अप्रैल 2016 के हिसाब से लागू होंगे।
जिन उपभोक्ताओं के बिल पहले से जमा हैं, उनके बिलों का समायोजन भी होगा। नगर पालिका के कर अधीक्षक राजेश कुमार जैन का कहना है कि यह नई बिल दर अप्रैल 2016 से ही लागू होंगी। इसके लिए गजट आ चुका है। जो लोग बिल जमा कर चुके हैं, उनके बिलों का समायोजन कराया जाएगा।