अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
रक्षाबंधन पर हुई तेज बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली लेकिन क्षेत्रों के लिए आफत भी बन गई। शहर के अधिकांश क्षेत्रों में जलभराव हो गया। त्योहार पर गली, मोहल्ले और बाजारों में जलभराव होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कोतवाली सदर में तो हालात इतने भयावह हो गए कि बारिश का पानी घुटनों तक भर गया।
बंदीगृह से लेकर कोतवाली प्रभारी के केबिन तक पानी में डूब गए। कोतवाली परिसर में बने पुलिस कर्मियों के क्वार्टरों में भी बारिश का पानी भर गया। बाइकों पर बैठकर पुलिस कर्मियों को कोतवाली से बाहर निकलना पड़ा। कमोबेश ऐसी ही हालत शहर के कई प्रमुख रास्तों की भी रही। यहां भी लोगों को घुटनों तक पानी में होकर निकलना पड़ा।
सोमवार को सुबह से काफी गर्मी रही। गर्मी में लोग पसीना-पसीना हो गए। कूलर में शरीर चिपचिपा होने लगा। दोपहर साढ़े 12 बजे से ढाई बजे तक हुई बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिली और लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के बाद शहर के हालत जलभराव के कारण खराब हो गए।
कोतवाली सदर में कोतवाल दफ्तर, बंदीगृह, मुंशी कार्यालय, सीओ सासनी कार्यालय, श्रीनगर, रमनपुर मार्ग, अलीगढ़ रोड, लेबर कॉलोनी, मुंशी गजाधर सिंह मार्ग, खंदारीगढ़ी, मुरसान गेट, मोहन गंज, होली वाली गली, लक्ष्मी टाकीज गली, बैनीगंज, लाला का नगला, बाला पट्टी, विद्यापति नगर, खोंडा हजारी, रामनगर कॉलोनी, बागमूला चौराहा, गणेश गंज, भूरापीर, लाल डिग्गी, किला गेट, सीयल, जलेसर रोड, नया बांस रोड सहित तमाम गलियों में भी बारिश का पानी जमा हो गया।