न्यूज डेस्क, अमर उजाला हाथरस।
फसल ऋण मोचन योजना के तहत जिले के 3,804 किसानों ने ऑनलाइन पोर्टल पर कर्ज माफी नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई है। इन शिकायतों की विभागीय अधिकारियों ने शासन को पूरी सूची भेज दी है।
अब विभाग शासन से इन किसानों की सूची की स्वीकृति का इंतजार कर रहा है, ताकि इन किसानों की कर्जमाफी के लिए धनराशि की मांग बनाकर शासन को भेजी जा सके। इसके लिए विभागीय अधिकारियों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले से 66,334 किसानों ने फसल ऋण मोचन योजना के तहत कर्ज माफी के लिए सूची तैयार की थी। इसमें 51,543 किसानों का शासन स्तर से कर्ज माफ किया गया था। अब बाकी किसानों में से 3,804 किसानों ने कर्ज माफ नहीं होने पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थीं। विभाग की ओर से इन सभी के पूरे दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड कर शासन को भेज दिया गया है, ताकि शासन स्तर से सूची को मंजूरी दी जा सके।
शासन की मंजूरी के बाद विभाग डिमांड बनाकर भेजेगा। इस सूची में शामिल नहीं हो पाने वाले किसान अपनी शिकायतें अब ऑनलाइन पोर्टल पर नहीं कर सकेंगे। इन किसानों के लिए विभाग की ओर से हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। इस हेल्प डेस्क के माध्यम से यह किसान अपने पूरे दस्तावेजों के साथ शिकायत को दर्ज करा सकेगा।
3,804 किसानों की कर्ज माफी की सूची भेजी गई है। सूची पर मंजूरी की मोहर लगते ही हमारे स्तर से डिमांड बनाकर भेज दी जाएगी। बचे हुए किसान हेल्प डेस्क के माध्यम से अपनी शिकायत को दर्ज करा सकते हैं।
-डिपिन कुमार, जिला कृषि अधिकारी