राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को अनंतिम मतदाता सूची जारी की गई। इस अभियान के तहत 1.29 लाख नए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में जोड़े गए हैं। अंतिम मतदाता सूची सात फरवरी को जारी की जाएगी।
पुनरीक्षण अभियान के तहत वर्ष 2021 की मतदाता सूची के मुकाबले इस बार अभियान में 1.29 लाख से अधिक नए मतदाता जोड़े गए, जबकि 96,954 मृतक, डुप्लीकेट अथवा शिफ्ट हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए गए। इसके अलावा 27,955 मतदाताओं के नाम, पता, आयु आदि विवरण में संशोधन किया गया।
अभियान में मृतक, डुप्लीकेट और शिफ्ट हो चुके मतदाताओं की सूची भी संबंधित बूथों पर चस्पा की गई है और यह सूची बीएलओ को भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे कि इनसे जुड़े मतदाता अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकें। 24 से 30 दिसंबर तक नागरिकों से दावा एवं आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं।
एक नजर में पुनरीक्षण अभियान का डाटा
वर्ष 2021 के कुल मतदाता 9,43,124
पुनरीक्षण अभियान में बढ़े मतदाता 1,29,495
मृतक/डुप्लीकेट/शिफ्टेड पाए गए मतदाता 96,954
संशोधित मतदाताओं की संख्या 27,955
वर्तमान मतदाता सूची में कुल मतदाता 9,75,665
पुनरीक्षण अभियान से मतदाता सूची में बड़ी संख्या में त्रुटियों का सुधार हुआ है। अनंतिम सूची जारी कर दी गई है। मृतक और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची चस्पा करा दी गई है।
-रामकुमार अत्री, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत।