न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
तहसीलदार टीपी सिंह ने शनिवार को संग्रह अमीनों की बैठक ली। बैठक में विभिन्न देयों की वसूली की समीक्षा की। वसूली की स्थिति खराब मिलने और लक्ष्य के अनुरूप न होने पर तहसीलदार ने अमीनों को फटकार लगाई और वसूली की स्थिति को सुधारने की नसीहत दी। बैठक में गैरहाजिर अमीनों पर भी नाराजगी जाहिर की।
तहसीलदार टीपी सिंह ने विभिन्न देयों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान संग्रह अमीनों का विविधि देय वसूली रजिस्टर अधूरा मिला, जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए रजिस्टर को पूरा करने के निर्देश दिए गए। कई देयों में वसूली की स्थिति शून्य मिलने पर अमीन कोई जवाब नहीं दे सके। वहीं बड़े बाकीदारों के प्रति ढिलाई बरत रहे अमीनों से स्पष्टीकरण मांगा गया। यह भी निर्देश दिए गए कि सोमवार तक सभी अमीन यह बताएं हैं कि उनका विविध देय रजिस्टर पूरा है या नहीं।
मद वार बकाया सहित बाकीदारों की सूची और वसूली की कार्यवाही सहित सात जनवरी तक समस्त संग्रह अमीन अपनी सूची संग्रह कार्यालय में जमा करा दें। जो सूची जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी। तहसीलदार ने कहा कि बार बार कहने के बाबजूद भी संग्रह अमीन अपने पास उपलब्ध आरसी और मांग की सूचना उपलब्ध नहीं करा रहे। उन्होने बताया कि डब्लूबीएम द्वारा समीक्षा रजिस्टर पूरा नहीं किया गया, जिस पर उनका भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। अब राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।