अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
बिना रजिस्ट्रेशन के कोचिंग सेंटर चलाने वालों के खिलाफ अब कार्रवाई होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह को भी शिकायत मिली है। डीएम ने भी डीआईओएस को विधिवत रूप से कार्रवाई करने के आदेश जारी किए हैं।
शहर ही नहीं, जिले भर के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में बड़े पैमाने के बिना रजिस्ट्रेशन के कोचिंग सेंटर का संचालन हो रहा है, जिससे शासन को राजस्व का घाटा तो हो ही रहा है, इन कोचिंग सेंटर के संचालन कोचिंग के नाम पर अभिभावकों से मोटी फीस भी वसूली जा रही है। परिषद की नीति के अनुसार जिले में उन्हीं कोचिंग सेंटर का संचालन हो सकता है, जिनका जिले में रजिस्ट्रेशन होगा। मौजूदा समय में बड़े पैमाने पर फ्रेंचाइजी के नाम पर बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित कोचिंग सेंटरों के साइन बोर्ड चमकते दिखाई दे रहे हैं।
-जिले में अवैध रूप से चल रहे कोचिंग सेंटर की जांच कराई जाएगी। जो भी अवैध रूप से कोचिंग सेंटर संचालित करते हुए पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधिवत रूप से एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
-जेके मलिक, डीआईओएस हाथरस