ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
घरों के आसपास होने वाले जलभराव के लिए अब लोग खुद जिम्मेदार होंगे। स्वास्थ्य महकमा अब घरों के आसपास होने वाले जलभराव की निगरानी करेगा। अगर यह जलभराव आपकी ही लापरवाही से हो रहा है और इसमें मच्छर का लार्वा पैदा हो रहा है तो, इसके लिए मकान स्वामी को नोटिस देकर तलब किया जाएगा।
संतोषजनक उत्तर न मिलने पर कार्रवाई भी की जाएगी। जल्द ही नगर पालिका व पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के साथ भी गंदगी और जलभराव की समस्या को लेकर बैठक की जाएगी।
सीएमओ डॉ. रामवीर सिंह और जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. मुकेश जौहरी ने बताया कि सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग में सचिव चिकित्सा व स्वास्थ्यय, निदेशक संक्रामक रोग और महानिदेशक ने यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई मच्छर जनित रोगों को फैलने से रोकने के लिए की जाएगी।
इसके अलावा जिले में जहां कहीं भी नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं, वहां कॉलोनाइजर्स को पानी निकासी के उचित इंतजाम करने होंगे। पानी निकासी की व्यवस्था न होने पर कोलोनाइजर्स को भी नोटिस दिया जाएगा। इसके लिए जिला मलेरिया अधिकारी और एसीएमओ वैक्टरबोर्न नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करेंगे।
बीएसए को लिखा जाएगा पत्र
स्कूलों में बच्चे पूरी आस्तीन के कपड़े और जूते मौजे पहनकर आएं, इसके लिए बीएसए को भी निर्देशित किया जाएगा। इसके अलावा स्कूलों में वैक्टर जनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी शिक्षकों द्वारा बच्चों को दिए जाने के संबंध में बीएसए को लिखित रूप से अवगत कराया जाएगा।
प्राइवेट डॉक्टर्स को देनी होगी मरीजों की जानकारी
सभी प्राइवेट डॉक्टर्स को वैक्टर जनित रोगों जैसे मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया किसी भी मरीज को निकलता है तो उसकी जानकारी सीएमओ दफ्तर में देनी होगी। इसके लिए सभी प्राइवेट चिकित्सकों को पत्र भी भेजे जाएंगे।