न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
सोमवार की रात आई तेज आंधी से जिले का बिजली सिस्टम लड़खड़ा गया। शहर से देहात तक लोगों को बिजली संकट से जूझना पड़ा। सुबह से दोपहर तक कर्मियों ने लाइनों को दुरुस्त किया। तब जाकर लोगों को बिजली मिली।
आंधी के दौरान गिजरौली, ओढ़पुरा, चंदपा, बामौली, लहरा, सलेमपुर, महौ, नगला रति आदि बिजलीघरों से निकलने वाली फीडरों की लाइनों में फाल्ट हो गए। कई स्थानों पर तार टूट गए। इस कारण बिजली व्यवस्था चरमरा गई। उमस भरी गर्मी के कारण लोग चैन से सो नहीं सके।
जब सुबह भी बिजली नहीं आई तो लोग पीने के पानी तक लिए इधर भटके। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। सुबह से कर्मी दोपहर तक लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे। तब जाकर दोपहर को बिजली व्यवस्था सामान्य हो सकी।