न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों को अब अपने शैक्षिक प्रमाण पत्रों में आने वाली गलतियों के लिए परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। परिषद ने अब ऑनलाइन शिकायतों के आधार पर इन खामियों को दूर कर प्रमाण पत्र विद्यार्थियों को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जिससे विद्यार्थियों को समय और धन के अपव्यय से बचाया जा सके।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के बाद युवाओं को जारी होने वाले अंक पत्र एवं प्रमाण पत्रों में पिछले शिक्षा सत्रों से लगातार गलतियां बढ़ रही हैं। इन गलतियों को दूर कराने के लिए इन विद्यार्थियों को परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ के चक्कर काटने पड़ते थे। कई बार तो युवाओं को अपने काम को निपटाने के लिए कई-कई चक्कर लगाने पड़ रहे थे, क्योंकि क्षेत्रीय कार्यालय जाने वाले युवाओं को यह जानकारी ही नहीं हो पाती थी कि जिस दिन वह अपने कार्य से माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ जा रहे हैं, उस दिन पटल सहायक और अनुभाग अधिकारी मौजूद हैं या नहीं।
ऐसे में लगातार युवाओं की शिकायतों की संख्या माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में बढ़ती जा रही है। विद्यार्थियों की इन दिक्कतों को देखते हुए परिषद ने अब एक वेबसाइट तैयार की है। इस साइट पर विद्यार्थी के खोलने पर विभिन्न प्रकार की समस्याओं से संबंधित आवेदन भी डाउनलोड हैं। विद्यार्थी इस साइट को खेलकर इस पर अपनी समस्या से संबंधित आवेदन ऑनलाइन कर सकते हैं। इसका एक प्रिंट भी वह अपने पास सुरक्षित रख सकते हैं। आवेदन के आधार पर क्षेत्रीय कार्यालय में उसकी समस्या का समाधान होने के बाद उनको मैसेज भेज दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थी डीआईओएस कार्यालय में संपर्क कर अपने सही शैक्षिक प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
- माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यार्थियों की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए वेबसाइट तैयार की है, जिससे ऑनलाइन आवेदन के आधार पर विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान होगा। इस समाधान के लिए परिषद ने समय भी निर्धारित किया है।
-सुनील कुमार, डीआईओएस
---------