जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में युवाओं को आधुनिक तकनीकों से लैस करने के लिए टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से 10 नए व्यावसायिक कोर्सों का संचालन किया जा रहा है। सत्र 2026-27 में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि सात अगस्त तक बढ़ा दी गई है।
विशेष सचिव अभिषेक सिंह द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार हाथरस सहित प्रदेश के 211 राजकीय संस्थानों में टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से संचालित दीर्घकालीन ट्रेडों और पीपीपी मॉडल पर संचालित व्यवसायों में दाखिले के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। अभ्यर्थी विभागीय आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद यदि किसी अभ्यर्थी के फॉर्म में कोई गलती रह जाती है, तो उसे सुधारने के लिए 48 घंटे का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
हाथरस राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य रोहिताश कुमार ने बताया कि सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपये और सभी वर्ग महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है।
ये कोर्स हो रहे संचालित
1. मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस कंट्रोल एंड ऑटोमेशन
2. एडवांस्ड सीएनसी मशीनिंग
3. इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स एंड डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग
4. मेकाट्रॉनिक्स
5. वेल्डिंग कस्टमाइजेशन।
6. आर्टिसन यूजिंग एडवांस्ड टूल्स।
7. बेसिक डिजाइनर एंड वर्चुअल वेरीफायर
8. एडवांस्ड ऑटोमोबाइल टेक।
9. उत्पाद डिजाइन और विकास।
10. इलेक्ट्रिक व्हीकल मैकेनिक और रख-रखाव