महौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दंत चिकित्सक के कक्ष पर लगा ताला। संवाद
- फोटो : Samvad
महौ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की मनमानी का खामियाजा क्षेत्र के मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। बुधवार सुबह दंत चिकित्सक के कमरे पर ताला लटका रहा और कुर्सियां खाली पड़ी रहीं, जिससे कई मरीज बिना इलाज कराए ही लौटने पर मजबूर हो गए।
बदलते मौसम के कारण इन दिनों वायरल बुखार, हाथ-पैरों में दर्द और संक्रमण जैसी बीमारियों का प्रकोप बढ़ा हुआ है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की लंबी कतारें तो लग गईं, लेकिन डॉक्टरों के समय पर न पहुंचने से व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई। मजबूरी में मरीजों को बाहर निजी चिकित्सकों के पास जाकर महंगी दवाएं लेनी पड़ रही हैं।
मेरी तबीयत खराब है और हाथ-पैरों में दर्द हो रहा है। सुबह से अस्पताल में मरीजों की लंबी कतार लगी है, लेकिन डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं हैं।
-राजवीर सिंह निवासी महौ
मेरे पैर में इन्फेक्शन है। एक दिन पहले भी दवा लेने आई थी, लेकिन इलाज नहीं मिला। आज दोबारा आई तो भी काफी देर इंतजार करना पड़ा। -काजल निवासी मोहब्बतपुर
दो दिन पहले मैंने महौ सीएचसी का निरीक्षण किया था। कुछ कर्मी गैरहाजिर मिले थे। उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को कौनडॉक्टर अनुपस्थित रहे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। दंत चिकित्सक के कमरे पर ताला लटके होने की भी जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. वेदप्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हाथरस