पोस्टमार्टम हाउस पर खड़े मृतकों के परिवार के लोग।
- फोटो : amarujala
मल्लावां (हरदोई)। दोस्त की शादी से लौटते समय किसी वाहन की चपेट में आने से मंगलवार देर रात बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हेलमेट नहीं लगाने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोटें आईं थीं।
माधौगंज के मोहल्ला पटेल नगर पश्चिम निवासी अंसार (37) और सुभाष नगर निवासी अब्दुल समद (45) मंगलवार को रुकनापुर निवासी दीपक की शादी में शामिल होने मल्लावां के एक गेस्ट हाउस में गए थे।
वे रात करीब 11 बजे घर लौट रहे थे कि कटरा-बिल्हौर हाईवे स्थित महमदपुर गांव के पास किसी वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों बाइक सवार सिर के बल सड़क पर गिर पड़े। हेलमेट नहीं लगाए होने से दोनों को सिर में गंभीर चोटें आईं।
इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर कोतवाल भगवान सिंह मौके पर पहुंचे। शवों की शिनाख्त कर पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने मृतक अंसार के भाई असलम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बुधवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। असलम ने बताया दोनों माधौगंज में ठेलिया लगाकर फल बेचते थे। पांच साल पहले अंसार की शादी रिजवाना से हुई थी। उसके तीन माह की बेटी उदाफातिमा है।
अब्दुल समद के परिवार में शाहजहां के अलावा चार बच्चे खुशनुमा (17), सिमरन (14), अर्सलान (11) और किलमा (7) हैं। फल बेचकर समद परिवार का भरण पोषण करता था। शाजहां ने बताया कि पति की मौत से बच्चों को पालने का संकट खड़ा हो जाएगा। भूमिहीन अंसार का परिवार भी फल बेचने से होने वाले कमाई से पलता था।