हरियावां। पिहानी मार्ग पर भीठी-नेवादा गांव के पास रविवार दोपहर दो बाइकों की टक्कर हो गई। बाइक सवार दंपती समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चारों को हरियावां सीएचसी ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि दंपती समेत तीन की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
कोठवा निवासी अंबुज (25) खेती करते थे। उन्होंने अपना खेत थाना क्षेत्र के ग्राम अब्दुलबारी निवासी क्लेक्टर (30) को बटाई पर दे रखा था। क्लेक्टर के मुताबिक, रविवार दोपहर वह अंबुज के गांव गए थे। अंबुज को मंसूरनगर में कुछ काम था। इसलिए वह और अंबुज बाइक से दोपहर बाद मंसूरनगर जा रहे थे। इस दौरान बघौली बाजार निवासी अनुज (35) पत्नी अनीता (30) के साथ पिहानी की ओर से जा रहे थे।
पिहानी-हरदोई मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के भीठी-नेवादा के पास दोनों की बाइक टकरा गईं। इसमें बाइक सवार चारों लोग घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर आ गए। ग्रामीणों ने एंबुलेंस को सूचना दी। चारों को एंबुलेंस से हरियावां सीएचसी पहुंचाया गया। डॉ. अंकुर ने अंबुज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत होने पर अनुज और अनीता को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अंबुज तीन भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। थानाध्यक्ष वीर बहादुर ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है।