हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के थोकमाधौ गांव में एक युवक की सोमवार रात तबीयत बिगड़ गई। जहर खाने की संभावना में चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बघाैली थाना क्षेत्र के थोकमाधौ गांव निवासी ललित (19) दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। 15 दिन पहले ललित दिल्ली से गांव आया था। सोमवार दोपहर वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया था। रात में वह वापस घर पहुंचा और लेट गया। कुछ देर बाद उसे उल्टी आने लगीं। यह देखकर परिजन उसे लेकर बघौली के गोंडाराव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि प्राथमिक जांच में जहर खाने से मौत होने की बात पता चली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। (संवाद)