हरदोई। भारतीय टीम के टी-20 मैच का फाइनल मैच जीतने के साथ ही क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे। वह रात में घरों से बाहर निकल आए और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। शहर से लेकर गांव तक लोग जश्न में डूबे रहे। शनिवार की रात से शुरू हुआ जश्न रविवार को भी जारी रहा।
भारतीय क्रिकेट टीम के आईसीसी ट्राफी जीतने का समय लगातार बढ़ता जा रहा है। वन डे में फाइनल की हार से क्रिकेट प्रेमी हताश हुए थे। इस बार टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अजेय रही थी। शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ मैच शुरू होने के साथ क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें बढ़ गई थी। मैच में कई उतार चढ़ाव के बाद टीम ने सात रनों से जीत दर्ज कर वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया।
टीम के जीतते ही शहर से लेकर गांव तक जश्न का महौल बन गया। क्रिकेट प्रेमी घर से बाहर निकल आए और आतिशबाजी कर एक दूसरे काे बधाई दी। शहर के युवाओं ने अपने अपने तरीके से खुशी मनाई। किसी ने मिठाई खिलाई, किसी ने आतिशबाजी की तो किसी ने बाइक रैली निकालकर जश्न मनाया। सिनेमा चौराहा पर प्रियम मिश्रा ने तिरंगा झंडा फहरा कर जीत का जश्न मनाया। प्रसून बाजपेयी, अभिषेक टंडन, सलिल मिश्रा ने जश्न मनाया।
शहर के अशराफ टोला में गोपाल, गौरव, सोनू, राघवेंद्र ने आतिशबाजी चलाकर खुशी मनाई। शहर के बावन चुंगी पर राकेश तिवारी, श्रवण कुमार, कल्लू ने, भूरा डॉक्टर चौराहा पर दिलीप जायसवाल, अनुराग अवस्थी ने जश्न मनाया। वहीं शहर के रेलवे गंज में मोहित शर्मा, पुलकित शर्मा, उमेश पांडेय, हर्षित पांडेय ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।