कछौना। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात युवती का शव फंदे पर लटका मिला। मृतका के मामा ने बहनोई पर ही हत्या करके शव लटकाने का आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती (20) की मां की पहले ही मौत हो चुकी है। युवती ही घर के कामों को करती थी। सीतापुर जनपद के पिसावां थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का ननिहाल है। उसके दोनों भाई ननिहाल गए हुए थे। पिता के मुताबिक, बुधवार रात कमरे में उसकी पुत्री का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। उसने अपने पुत्रों को सूचना दी। बृहस्पतिवार की सुबह दोनों पुत्र अपनी नानी और मामा के साथ आए। तीनों को शव बरामदे में रखा मिला।
युवती के मामा ने मौत के हालात पर संदेह जताया। उन्होंने बहनोई पर ही गला दबा कर युवती की हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। युवती के पिता को भी हिरासत में लिया गया है। कोतवाल प्रेम सागर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।