थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर शव
को खाई में डाल दिया। शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने
मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त नहीं
हो सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, टड़ियावां थाना क्षेत्र के
टड़ियावां-हरिहरपुर मार्ग पर ग्राम महुआ चाचर पुलिया के पास सोमवार की सुबह
राधेश्याम कोरी के खेत के पास एक अज्ञात युवक का शव खाई में पड़ा मिला। इस
दौरान शव मिलने की जानकारी होते ही घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना
की सूचना मिलने पर एसओ मदन गोपाल गुप्ता मौके पर पहुंचे और शव को खाई से
बाहर निकलवाया। बताया जाता है कि युवक की कनपटी पर गोली का निशान था। पुलिस
ने बताया कि युवक के मुंह पर सफेद टेप लगा हुआ था और वह आसमानी शर्ट, नीली
जींस, भूरे रंग के जूते, काले मोजे पहने हुए था।
पुलिस ने बताया कि
युवक के शव की तलाशी ली गई, पर कोई भी शिनाख्त करने वाला सबूत नहीं मिला,
जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। इस दौरान थाना पुलिस ने घटना की जानकारी सीओ
सदर जितेंद्र गिरी को दी तो सीओ भी मौके पर पहुंचे और घटना के विषय में
जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।