हरदोई। भतीजी को चौथी पर विदा कराने जा रहे बाइक सवार युवक को शुक्रवार शाम पिहानी कोतवाली क्षेत्र में मंसूरनगर गांव के पास टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि भतीजा घायल हो गया।
सीतापुर जनपद के महोली थाना क्षेत्र गुरजापुर निवासी राजकुमार (35) खेती करता था। उसकी भतीजी सोनिका की शादी हरियावां के खदरा गांव में हुई है। शुक्रवार शाम वह भतीजी की चौथी की विदा कराने बाइक से आ रहा था। साथ में उसका भतीजा अनुपम (12) भी था। पिहानी कोतवाली क्षेत्र में मंसूरनगर गांव के निकट पीछे से आ रहे टेंपो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकुमार हेलमेट लगाए था। हादसे के समय हेलमेट गिर गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। सूचना पर परिजन भी आ गए। जहां चिकित्सक ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। मृृतक के परिवार में पत्नी रजनी, एक बेटा व बेटी है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि टेंपो का पता नहीं चल सका है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।