हरदोई। कोतवाली क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव में सोमवार शाम घरेलू विवाद में एक युवक ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन युवक को लेकर सीएचसी फिर वहां से 100 शैया चिकित्सालय लेकर जा रहे थे रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवक की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी अतीक खां (30) खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही उनका निकाह साहना बानो के साथ हुआ था। उनकी अभी कोई संतान नहीं थी। सोमवार शाम को किसी बात को लेकर अतीक और उनकी पत्नी साहना के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अतीक ने घर में रखा जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी मल्लावां और फिर 100 शैया संयुक्त चिकित्सालय लेकर गए। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा ही रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली देहात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल विद्या सागर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर और परिजन की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।