मल्लावां (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार की रात युवती का शव घर के अंदर कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। परिजनों का आरोप है कि एक युवक के छेड़छाड़ करने से आहत होकर युवती ने आत्महत्या की है। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी।
गांव में रहने वाले किसान की 19 वर्षीय बेटी गुरुवार की रात करीब नौ बजे पिता को पास बने गोड़े (जानवर रखने वाला स्थान) पर खाना देने जा रही थी। रास्ते में गांव के ही अजीत ने बदनीयती से उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया। शोर सुनकर परिवार के लोग भी वहां पहुंचे और युवती को समझा कर घर ले आए।
उसके बाद परिवार के लोग अपना काम करने में लग गए और युवती कमरे में चली गई। कुछ देर बाद युवती ने कमरे में ही ेदुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। पिता का आरोप है कि छेड़छाड़ से आहत होकर बेटी ने आत्महत्या की है। युवती दो बहन व चार भाइयों में चौथे नंबर की थी। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने करने, छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी मामले की जांच की जा रही है।
दिसंबर में हो गई थी गोद भराई की रस्म
मल्लावां। पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी थाना क्षेत्र के गांव मेें तय कर दी थी। दिसंबर 2021 में बेटी की गोदभराई की रस्म भी हो गई थी। शादी की तारीख अभी पक्की नहीं हुई थी। बेटी की डोली उठने से पहले उसकी अर्थी उठी तो परिवार के लोग फफक पड़े। रिश्तेदारों व आसपास के लोगों ने किसी तरह उन लोगों को संभाला।