बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र में कन्नौज मार्ग पर ट्रैक्टर से गिरा कावड़िये का बेटा ट्रॉली के पहिए से कुचल गया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
लखीमपुर खीरी के मितौली थाना क्षेत्र के डहर निवासी राम लखन खेती करते हैं। उनके गांव से दो ट्रैक्टर ट्रालियों में सवार होकर तकरीबन 45 लोग कावड़ लेने मेहंदी घाट आए थे। राम लखन के साथ उनका पुत्र हैप्पी (6) भी आया था।शुक्रवार शाम चार बजे गांव से निकले लोग कांवड़ लेने के बाद शनिवार शाम वापस जा रहे थे ।कन्नौज मार्ग पर जलालपुर विद्युत उपकेंद्र के पास हैप्पी ट्रैक्टर से गिर गया और ट्राली की चपेट में जाकर कुचल गया। पुलिस ने अपने वाहन से हैप्पी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाल बिलग्राम विजय कुमार ने बताया कि शव मोर्चरी में रखवाया गया है।घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर चला गया था।परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।