हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के मढि़या कसरावां में बृहस्पतिवार रात को एक मजदूर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन जब तक उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचते उनकी मौत हो गई।
गांव निवासी छोटेलाल (44) मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। उनके पुत्र रजनीश ने बताया कि वह बीते कुछ समय से बीमार थे। वह मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खा लेते थे। बृहस्पतिवार रात को घर में सभी खाना खाकर लेटने चले गए। अचानक रात के करीब 10 बजे उनके पेट में तेज दर्द उठा। वह दर्द से चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य उनके पास पहुंचे। इस बीच अचानक उनके मुंह से खून की उल्टी हुई और वह अचेत हो गए। परिजन ने उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज आने ही वाले थे कि तभी उन्होंने दम तोड़ दिया।
छोटेलाल की मौत होते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए मोर्चरी में रखवा दिया। शुक्रवार को उनका पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम कराया गया। छोटेलाल के परिवार में पत्नी शांती देवी के अलावा पुत्र रजनीश और मनीष हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।